विक्की टुडे
धोनी ने ली चुटकी, कहा- हां, हां विराट ने चाकू निकाला और शिखर को मार दिया
मेलबोर्न. भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी
ने ब्रिस्बेन टेस्ट के दौरान हुई घटना पर चुटकी ली है। उन्होंने मीडिया
में आई खबरों पर कमेंट करते हुए कहा, "हां, हां विराट और शिखर के बीच लड़ाई
हुई थी, विराट ने चाकू निकाला और शिखर को मार दिया। जब वह उससे ठीक हुए तो
हमने उन्हें बल्लेबाजी करने भेज दिया। अब इस पर फिल्म बननी चाहिए।"
ब्रिस्बेन टेस्ट के चौथे दिन कथित तौर पर टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में विराट और शिखर के बीच कहासुनी की खबरें आई थीं।
ये था मामला
मीडिया में खबर आई थी कि दूसरे टेस्ट के चौथे दिन शिखर और विराट के
बीच बल्लेबाजी करने को लेकर बहस हुई थी और विराट ने धवन पर डर कर भागने का
आरोप लगाया था। इसके बाद विवाद इतना बड़ा कि टीम निदेशक रवि शास्त्री को
मामला शांत कराना पड़ा।
शानदार स्टोरी है, मसाला भी दमदार
कप्तान ने कहा, "मुझे नहीं पता कि ऐसी कहानियां कहां से आती है। यह एक
शानदार कल्पना है और शायद टीम के ही किसी खिलाड़ी ने यह जानकारी दी होगी।
बेहतर होगा कि आप मुझे उसका नाम बता दीजिए, क्योंकि ऐसे खिलाड़ी की हमारे
ड्रेसिंग रूम में कोई जगह नहीं है।" विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा, "मुझे लगता
है कि मार्वल एंड ब्रर्दस को इस कहानी को लेना चाहिए और एक फिल्म बना देनी
चाहिए।"
कल्पना करने वाले को भी लें फिल्म में
धोनी ने अफवाह उड़ाने वाले का मजाक बनाते हुए कहा, "यदि आपको टीम के
ही किसी खिलाड़ी ने यह बताया है तो उसकी कल्पना बेहतरीन है और उसे वार्नर
ब्रर्दर्स के लिए काम करना चाहिए। अखबारों के लिए इस तरह की खबरें अच्छी
होती है और उन्हें इससे अपनी बिक्री बढ़ाने में मदद मिलती है, लेकिन जहां
तक सच्चाई का सवाल है तो इसमें वह नहीं है।"
हार के बाद यह कहा था कप्तान ने
दूसरे टेस्ट में टीम की हार के बाद धोनी ने हार के कारणों का जिक्र करते हुए कहा था कि टीम इंडिया
के ड्रैंसिंग रूम में कुछ परेशानी है और तालमेल की कमी के कारण टीम मैच
हारी। लेकिन धोनी ने दोनों बल्लेबाजों के विवाद को सच्चाई से परे बताया।
ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन ने भी भारतीय टीम की निंदा की थी।
थोड़ी बहुत अनबन खेल को बनाती है रोमांचक
इस बीच विपक्षी टीम के कप्तान स्टीवन स्मिथ के भारतीय ड्रेसिंग रूम को
लेकर की गई टिप्पणी पर धोनी ने कहा, "मैं स्मिथ के बयान पर टिप्पणी नहीं
करूंगा। वैसे मुझे लगता है कि खिलाड़ियों के बीच थोड़ी बहुत अनबन अच्छी
होती है जो खेल को रोमांचक बना देती है। चाहे वह भारत के हों या
ऑस्ट्रेलिया के जब तक सीमा रेखा और नियमों का उल्लंघन नहीं होता है इसमें
कोई बुराई नहीं है।"

No comments:
Post a Comment